आईएएनएस, कोच्चि। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। एनआईए ने बताया है कि प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) ने केरल में 950 लोगों की एक ‘हिट लिस्ट’ तैयार की थी।

इस लिस्ट में एक रिटायर्ड जिला जज का नाम भी शामिल है। यह खुलासा उस वक्त सामने आया जब NIA ने इस महीने की शुरुआत में केरल के एक विशेष अदालत में यह जानकारी पेश की। यह मामला 2022 में पलक्कड़, केरल में RSS नेता श्रीनिवासन की हत्या से जुड़ा है, जिसमें चार आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई हो रही थी।

NIA ने इस हिट लिस्ट को कई जगहों से पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद तैयार किया। इस लिस्ट में अलग-अलग समुदायों के लोगों के नाम शामिल हैं। जांच के दौरान NIA ने कई दस्तावेज जब्त किए, जिनमें यह खतरनाक मंसूबे उजागर हुए। PFI के इस खौफनाक इरादे ने देश में सनसनी फैला दी है।

हिट लिस्ट में कई बड़े नाम

NIA की जांच में 51वें आरोपी सिराजुद्दीन से जब्त किए गए आठ दस्तावेजों में 240 लोगों की सूची मिली, जो अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखते थे। इसके अलावा, अलुवा के पेरियार वैली कैंपस में तलाशी के दौरान 15वें आरोपी अब्दुल वहाद के पर्स से पांच लोगों की हिट लिस्ट बरामद हुई। वह फिलहाल फरार है। इस लिस्ट में एक पूर्व जिला जज का नाम भी था।

एक अन्य दस्तावेज 232 लोगों की हिट लिस्ट थी। वहीं, 69वें आरोपी अय्यूब के घर की तलाशी में करीब 500 लोगों के नामों वाली एक और हिट लिस्ट मिली। इन तमाम खुलासों ने PFI के खतरनाक इरादों को बेनकाब कर दिया।